किशनगंज : हर टीका, हर बच्चे की सुरक्षा की गारंटी, समय पर टीकाकरण से बनेगा स्वस्थ समाज

किशनगंज, 19 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने समय पर और पूर्ण टीकाकरण को आवश्यक बताया है। विभाग का कहना है कि टीकाकरण केवल एक सुई नहीं, बल्कि बच्चों के लिए जीवनभर का सुरक्षा कवच है, जो खसरा, पोलियो, डिप्थीरिया, काली खांसी और हेपेटाइटिस-बी जैसी गंभीर बीमारियों से रक्षा करता है।
जिला प्रतिरक्षण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है कि प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों का निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा टीकाकरण अवश्य कराएं। विभाग के अनुसार समय पर लगाए गए टीके न केवल बच्चों की सुरक्षा करते हैं, बल्कि संक्रामक रोगों की श्रृंखला को भी तोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ठाकुरगंज प्रखंड की रेशमा खातून का उदाहरण इस जागरूकता अभियान की सफलता को दर्शाता है। पहले वह अपने छह माह के बेटे अयान के टीकाकरण में लापरवाही बरतती थीं, लेकिन आशा कार्यकर्ता की समझाइश के बाद उन्होंने बच्चे का पूरा टीकाकरण कराया। बाद में गांव में खसरे के संदिग्ध मामले सामने आने के बावजूद उनका बेटा सुरक्षित रहा। अब रेशमा स्वयं अन्य महिलाओं को भी समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि नियमित टीकाकरण बच्चों को अनेक गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे का कोई टीका छूट गया है तो अभिभावक निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या टीकाकरण सत्र स्थल पर जाकर उसे पूरा करा सकते हैं। साथ ही टीकाकरण कार्ड को सुरक्षित रखने और निर्धारित तिथियों पर बच्चों को टीका दिलाने की अपील की।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि जब अधिक से अधिक बच्चे टीकाकरण से आच्छादित होते हैं तो पूरे समुदाय की प्रतिरक्षा मजबूत होती है। इससे संक्रामक रोगों का प्रसार कम होता है और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को भी अप्रत्यक्ष सुरक्षा मिलती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सभी आवश्यक टीके निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं।
जिले में आशा कार्यकर्ता, एएनएम और आंगनबाड़ी सेविकाएं घर-घर जाकर लाभार्थियों की पहचान कर रही हैं तथा लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक बना रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि कोई भी बच्चा जीवनरक्षक टीकों से वंचित न रहे, क्योंकि हर बच्चे का पूर्ण टीकाकरण उसका अधिकार और हर अभिभावक की जिम्मेदारी है।



