किशनगंज : 88.23 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, 18 लाख रुपये की खेप बरामद

किशनगंज, 07 जून (हि.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 88.23 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा इस्मत टोला निवासी सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है। उसके पास से 11,670 रुपये नकद, दो डिजिटल तराजू तथा 10 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सद्दाम अंसारी अपने घर में स्मैक का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ और बहादुरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने शनिवार देर रात आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 88.23 ग्राम स्मैक, 11,670 रुपये नकद, दो डिजिटल तराजू और 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले तथा इसकी खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों का पता लगाकर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
इस मामले में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 362/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (सी) और 21 (बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि नशा मुक्त किशनगंज के लक्ष्य को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी सूचना के लिए आम लोग एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।


