किशनगंज : सरकारी वाहन की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 118.48 लीटर विदेशी शराब जब्त
किशनगंज,31मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में सरकारी वाहन की आड़ में शराब तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 118.48 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। जब्त वाहन और शराब को उत्पाद थाना लाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि एक सरकारी विभाग से जुड़ी गाड़ी का उपयोग शराब तस्करी के लिए किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद रामपुर (खगड़ा) स्थित उत्पाद जांच चौकी पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही एक सफेद स्कॉर्पियो वाहन ने चेकपोस्ट देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया। वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उत्पाद विभाग की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसका पीछा किया।
घेराबंदी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्ति भागने लगे। स्थानीय लोगों और उत्पाद विभाग की टीम की सहायता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अररिया जिले के सिमराहा निवासी प्रकाश कुमार के रूप में हुई है।
वाहन की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। सभी बोतलों और पैकेटों पर ‘फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल’ अंकित पाया गया। पूछताछ में प्रकाश कुमार ने बताया कि उसका फरार साथी किशनगंज रेलवे कॉलोनी निवासी राजेश कुमार कामती है। दोनों पश्चिम बंगाल से शराब खरीदकर अररिया के रास्ते पूर्णिया ले जा रहे थे।
उत्पाद विभाग ने शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है। वाहन के मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में कई अहम सुराग मिले हैं और आशंका है कि सरकारी वाहनों की आड़ में शराब तस्करी का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय हो सकता है।
उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी, फरार साथी तथा वाहन मालिक के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और जल्द ही अन्य संलिप्त लोगों की पहचान किए जाने की संभावना है।



