किशनगंज : सदर अस्पताल में सुरक्षा एजेंसी पर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
फर्जी उपस्थिति दिखाकर 1.82 करोड़ रुपये अधिक निकासी का मामला
किशनगंज,17मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज सदर अस्पताल में निजी सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने वाली आउटसोर्सिंग एजेंसी सामंता सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड पर अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन कर फर्जीवाड़ा एवं धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। मामले में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मो. अनवर हुसैन के आवेदन पर किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी में एजेंसी पर 1 करोड़ 82 लाख 36 हजार 222 रुपये की अधिक निकासी करने का आरोप लगाया गया है।जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा निविदा प्रक्रिया के माध्यम से उक्त एजेंसी का चयन किया गया था। एजेंसी जनवरी 2023 से अस्पताल में सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध करा रही थी।
इकरारनामा के अनुसार एजेंसी को सेवानिवृत्त फौजी सुपरवाइजर, सेवानिवृत्त फौजी गार्ड तथा सिविल सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने थे। सभी श्रेणियों के सुरक्षा कर्मियों के लिए अलग-अलग मानदेय निर्धारित किया गया था। आरोप है कि एजेंसी ने अनुबंध की शर्तों के विपरीत कार्य करते हुए वास्तविक संख्या से कम सुरक्षा कर्मी तैनात किए, जबकि कागजों पर अधिक संख्या दर्शाकर भुगतान उठाया गया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमाम अली चिंदू ने जिला प्रशासन को शिकायत सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था में अनियमितता का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया था कि अस्पताल में वास्तविक संख्या से कम गार्ड कार्यरत हैं, लेकिन दस्तावेजों में अधिक संख्या दिखाकर सरकारी राशि की निकासी की जा रही है।
शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें वित्तीय अनियमितता और अनुबंध उल्लंघन की बात सामने आने पर सदर अस्पताल प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कराई।
रविवार को सदर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष नेसार अहमद ने बताया कि उपाधीक्षक के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान एजेंसी के भुगतान, उपस्थिति रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की जाएगी।



