District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : जिले में पर्याप्त एलपीजी गैस उपलब्ध, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

होम डिलीवरी सेवा सुचारू, कालाबाजारी रोकने को छापेमारी जारी

किशनगंज,17मई(हि. स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू है। रविवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि किशनगंज जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

डीएम ने बताया कि वर्तमान में जिले में 8178 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा भी नियमित रूप से संचालित की जा रही है। उपभोक्ताओं को अब एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। वे घर बैठे गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं और पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। धावा दल द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक कुल छह स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक कार्यरत है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस से संबंधित आज एक शिकायत प्राप्त हुई है, जिसका निष्पादन कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!