किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : महिला थाना की अपर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी निलंबित, एसपी ने की कार्रवाई

किशनगंज,17मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज पुलिस विभाग में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को महिला थाना में पदस्थापित अपर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी को एसपी संतोष कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दो दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी निलंबन की कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, लंबित कांडों का समय पर निष्पादन नहीं करने, न्यायालय में समय पर कांड दैनिकी नहीं भेजने, गंभीर प्रकृति के मामलों को लंबित रखने तथा अनुसंधान में शिथिलता एवं लापरवाही बरतने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर डीएसपी से जांच कराई थी। जांच के दौरान पाया गया कि अपर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी द्वारा न्यायालय में भेजे जाने वाले कांड दैनिकी को निर्देश के बावजूद समय पर प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा महिला थाना में करीब आठ माह की पदस्थापन अवधि के दौरान उनके जिम्मे रहे 21 कांडों में केवल दो कांडों का ही निष्पादन किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि उनके पास कई गंभीर प्रकृति के मामले लंबित थे, जिनमें अधिकांश पॉक्सो एवं दुष्कर्म से संबंधित कांड शामिल हैं। ऐसे मामलों का अनुसंधान निर्धारित 60 दिनों के भीतर पूरा किया जाना आवश्यक होता है, लेकिन इसके बावजूद अनुसंधान कार्य में लापरवाही बरती गई।

एसपी ने अपने आदेश में कहा है कि संबंधित पदाधिकारी का आचरण कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, आदेश उल्लंघन, स्वेच्छाचारिता तथा विभागीय नियमों के उल्लंघन को दर्शाता है। मामले में विभागीय जांच शुरू करते हुए सुधा कुमारी को पत्र प्राप्ति के सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पष्ट कहा कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!