किशनगंज : एससी-एसटी थाना को मिले नए थानाध्यक्ष, मनोज कुमार भारती की हुई पदस्थापना
लापरवाही के आरोप में दीपू कुमार के निलंबन के बाद एसपी ने जारी किया आदेश
किशनगंज,17मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में पुलिस प्रशासन ने विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं प्रशासनिक कार्यहित को ध्यान में रखते हुए एससी-एसटी थाना में नए थानाध्यक्ष की पदस्थापना की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार भारती को एससी-एसटी थाना, किशनगंज का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
मनोज कुमार भारती वर्तमान में प्रभारी अभियोजन कोषांग के पद पर कार्यरत थे। उन्हें एससी-एसटी थाना में थानाध्यक्ष के रिक्त पद पर पदस्थापित किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि बिहार सरकार गृह विभाग (विशेष शाखा) के संकल्प पत्र के अनुसार नव पदस्थापित थानाध्यक्ष को निर्धारित विशेष अर्हता प्रमाण पत्र समर्पित करना होगा। यदि निर्धारित अर्हता पूर्ण नहीं पाई जाती है तो उनका पदस्थापन स्वतः निरस्त माना जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पूर्व एससी-एसटी थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष दीपू कुमार को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। उन पर प्राथमिकी दर्ज करने में अनावश्यक देरी, मामलों में उदासीनता तथा विभागीय नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगा था।
जानकारी के अनुसार एक महिला परिवादी द्वारा दिए गए आवेदन पर चार दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा डीएसपी साइबर को सौंपा गया था। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि पीड़िता के आवेदन को थाना दैनिकी में दर्ज तक नहीं किया गया था और न ही कोई प्रारंभिक कार्रवाई की गई थी।
जांच के दौरान अन्य मामलों में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। रिपोर्ट में आरोपी की गिरफ्तारी के प्रति उदासीनता और कई आवेदनों पर संदिग्ध परिस्थितियों में ‘समझौता’ दर्ज किए जाने की बात भी उल्लेखित की गई।
एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में लापरवाही, मनमानी और भ्रष्ट आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि भविष्य में भी दोषी अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



