बिहार के युवाओं को विदेशों में रोजगार से जोड़ने हेतु परामर्श कार्यशाला आयोजित
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा आज प्रतिबिंब सभागार, नियोजन भवन, पटना में बिहार के युवाओं को विदेशों में सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से नियोक्ता एजेंसियों के साथ एक महत्वपूर्ण परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर ने की।
इस अवसर पर निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण, पटना के उप निदेशक (मुख्यालय) श्याम प्रकाश शुक्ल, बिहार कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक मनीष शंकर सहित विभिन्न नियोक्ता एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए एक पारदर्शी, सुरक्षित एवं वैधानिक व्यवस्था विकसित करना था। बैठक में कौशल विकास प्रशिक्षण को वैश्विक रोजगार मानकों के अनुरूप बनाने, भाषा दक्षता बढ़ाने, दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया को सुदृढ़ करने तथा सुरक्षित प्रवासन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक के दौरान निम्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया:
• विदेशों में रोजगार के नए अवसरों की पहचान
• अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण
• नियोक्ता एजेंसियों की जवाबदेही एवं पारदर्शिता
• सुरक्षित एवं वैधानिक प्रवासन प्रक्रिया को प्रोत्साहन
• युवाओं के लिए पूर्व-परामर्श एवं मार्गदर्शन व्यवस्था
• विभाग एवं एजेंसियों के बीच समन्वित कार्यप्रणाली का विकास
अपने संबोधन में सचिव डॉ. कौशल किशोर ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें तथा राज्य के आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा कि विभाग युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं रोजगार अवसर उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है तथा इस दिशा में नियोक्ता एजेंसियों के साथ समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।


