
किशनगंज,09मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पोठिया प्रखंड अंतर्गत अर्राबाड़ी थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, शव वाहन रोककर हंगामा करने और पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अर्राबाड़ी थाना कांड संख्या 12/26 के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालूबाड़ी निवासी अल्ताफ तथा बेलबाड़ी निवासी मोहम्मद इदरीश और मोहम्मद सुलेमान के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को बालूबाड़ी निवासी अंसार आलम की पत्नी संजरी बेगम का शव मक्के के खेत में संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था।सूचना मिलने पर अर्राबाड़ी थाना अध्यक्ष कनक लता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और आवश्यक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेजा गया था।
पुलिस के मुताबिक, 16 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव को एम्बुलेंस से वापस बालूबाड़ी लाया जा रहा था। इसी दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय बालूबाड़ी के समीप कुछ लोगों ने शव वाहन को रोक दिया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। इस दौरान गश्ती वाहन को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास भी किया गया। एम्बुलेंस चालक ने भी वाहन रोककर डराने-धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है।
मामले में पुलिस ने पहचान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। थाना अध्यक्ष कनक लता ने बताया कि इस कांड में 16 नामजद समेत करीब 150 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इदरीश और मोहम्मद सुलेमान का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।



