ठाकुरगंज : पौआखाली सरकारी अस्पताल की बदहाली पर भड़के विधायक, निरीक्षण में उजागर हुई गंभीर लापरवाही

किशनगंज,06मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज प्रखंड के नगर पंचायत पौआखाली स्थित शहरी सरकारी अस्पताल की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। बुधवार को ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि अस्पताल में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। बाथरूम और शौचालय गंदगी से भरे पड़े हैं तथा साफ-सफाई का अभाव है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं इमरजेंसी में उपयोग होने वाली सामग्री जैसे रुई, बैंडेज आदि बिखरी हुई मिलीं। वार्ड में कई बेड पर चादर तक नहीं बिछी थी, जिससे अस्पताल की लचर व्यवस्था उजागर हुई।
विधायक ने इस संबंध में सिविल सर्जन को अवगत कराते हुए जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इधर, स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा ही उपलब्ध नहीं है, तो इलाज की गुणवत्ता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। अब देखना है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।



