किशनगंज : 09 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, तैयारियों को लेकर जिला जज ने की समीक्षा

किशनगंज,02मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आगामी 09 मई 2026 को व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन एवं तैयारियों की समीक्षा को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार किशनगंज, सुशांत कुमार ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जिला जज ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक सुलहनीय एवं शमनीय मामलों का निपटारा लोक अदालत के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आम जनता को सुलभ, सस्ता एवं त्वरित न्याय प्रदान करना है।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं। लोक अदालत में पारित निर्णय अंतिम होता है, जिसकी कोई अपील नहीं होती, इससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
इन मामलों का होगा निपटारा
राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा। इसमें आपराधिक समझौता योग्य मामले एवं प्ली बार्गेनिंग, एनआई एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस), बैंक ऋण वसूली, मनी रिकवरी, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
इसके अलावा वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर), अन्य पारिवारिक मामले, किराया विवाद, निषेधाज्ञा वाद, सेवा से जुड़े मामले जैसे पदोन्नति एवं पेंशन, ट्रैफिक चालान, राजस्व एवं अन्य सिविल मामलों का भी निपटारा किया जाएगा।
जिला जज ने सभी न्यायिक अधिकारियों को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।



