अपराधकिशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़
किशनगंज सदर थानाध्यक्ष के पांच ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई
आठ घंटे चली तलाशी, डायरी, जमीन के कागजात समेत कई दस्तावेज बरामद

किशनगंज,14अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के पांच ठिकानों पर मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में दर्ज प्राथमिकी के बाद की गई। छापेमारी किशनगंज, पटना और छपरा स्थित कुल पांच ठिकानों पर की गई। जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई की दस सदस्यीय टीम मंगलवार सुबह करीब सात बजे अचानक सदर थाना परिसर स्थित थानाध्यक्ष के सरकारी आवास पहुंची।
किशनगंज में छापेमारी टीम का नेतृत्व डीएसपी सुनील कुमार कर रहे थे। टीम ने सरकारी आवास की तलाशी लेने के साथ ही सदर थाना के कुछ पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की।
करीब आठ घंटे तक चली तलाशी के दौरान टीम ने डायरी, जमीन से संबंधित कागजात सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। आर्थिक अपराध इकाई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार रंजन के विरुद्ध ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 5/26 के तहत 13 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई की गई। जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि अभिषेक कुमार रंजन ने कुल एक करोड़ सत्तर लाख बाइस हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 115.66 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसके आधार पर पटना, छपरा और किशनगंज स्थित पांच अलग-अलग ठिकानों पर डीएसपी स्तर के पदाधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
बताया जाता है कि अभिषेक कुमार रंजन वर्ष 2009 बैच के दारोगा के रूप में पुलिस सेवा में नियुक्त हुए थे और बाद में उन्हें पुलिस निरीक्षक पद पर प्रोन्नति मिली। उन्होंने दिसंबर 2024 में किशनगंज सदर थाना का पदभार ग्रहण किया था।
उल्लेखनीय है कि जिले में महज पंद्रह दिनों के भीतर आर्थिक अपराध इकाई की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 31 मार्च को पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार के सरकारी आवास पर भी ईओयू ने छापेमारी की थी। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।


