District Adminstrationअपराधकिशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सदर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के 5 ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी, डायरी बरामद, मचा हड़कंप

किशनगंज,14अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई ने मंगलवार को किशनगंज सदर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।आर्थिक अपराध इकाई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि अभिषेक कुमार रंजन के विरुद्ध ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 05/26, दिनांक 13.04.2026 के तहत धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर उनके पांच अलग-अलग ठिकानों पर डीएसपी स्तर के पदाधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।जांच के दौरान पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष सदर थाना किशनगंज अभिषेक कुमार रंजन के विरुद्ध सत्यापन में कुल 1 करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 115.66 प्रतिशत अधिक बताया गया है।मंगलवार सुबह से ही किशनगंज, पटना और सारण जिले के विभिन्न ठिकानों पर अलग-अलग टीमों द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। किशनगंज स्थित सरकारी आवास एवं चेंबर में भी जांच टीम दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े कागजातों की जांच में जुटी हुई है।इसी दौरान सूत्रों के अनुसार सदर थाना अध्यक्ष के सरकारी आवास से ईओयू टीम ने एक डायरी भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि इस डायरी से कई अहम राज खुल सकते हैं और कई लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।मिली जानकारी के अनुसार पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित देवनगर कॉलोनी में भी जांच टीम ने दबिश दी है। वहीं सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत पैतृक गांव पैगा में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी थाना अध्यक्ष के ड्राइवर से भी पूछताछ कर रही है तथा कथित तौर पर माफिया से साठगांठ के बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।अभिषेक कुमार रंजन वर्ष 2009 बैच के दारोगा हैं और बाद में उन्हें पुलिस निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली। दिसंबर 2024 में उन्होंने किशनगंज सदर थाना का पदभार संभाला था। इससे पूर्व वे बहादुरगंज थाना अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।गौरतलब है कि जिले में महज 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 31 मार्च को पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार के सरकारी आवास पर भी आर्थिक अपराध इकाई द्वारा छापेमारी की गई थी। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच एजेंसी द्वारा आगे बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!