अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : देह व्यापार मामले में तीन महिलाओं पर प्राथमिकी, एक महिला व ग्राहक गिरफ्तार

किशनगंज,13अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के खगड़ा रेड लाइट एरिया में रविवार को पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के बाद देह व्यापार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने देह व्यापार कराने के आरोप में तीन महिलाओं को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुन्नी देवी नामक एक महिला को गिरफ्तार किया है। वहीं एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है, जो ग्राहक के रूप में वहां पहुंचा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों, दो नाबालिग लड़कियों तथा एक मूक-बधिर नाबालिग को मुक्त कराया है।

पुलिस के अनुसार नामजद आरोपियों में शामिल माया खातून और मिनी देवी छापेमारी के दौरान मौके से फरार हो गईं। पुलिस ने इन आरोपियों तथा गिरफ्तार महिला के घरों से युवतियों और नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। तलाशी के दौरान पैन कार्ड सहित कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

मुक्त कराई गई युवतियों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों द्वारा उनसे जबरन देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस के अनुसार यह अवैध धंधा मोटी रकम कमाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था।

एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि खगड़ा रेड लाइट एरिया में की गई कार्रवाई के बाद नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत रविवार की शाम यह छापेमारी की गई थी। कार्रवाई में मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार, एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर राजा, इंस्पेक्टर निसार अहमद, एससीएसटी थानाध्यक्ष दीपू कुमार, महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी, अवर निरीक्षक अचला शर्मा, रूपम कुमारी, शंख राज कर्ण, सुधीर कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम में महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे लिबास में भी पुलिस बल तैनात था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!