किशनगंज : ड्यूटी के दौरान मोबाइल इस्तेमाल पर रोक, एसपी संतोष कुमार का सख्त निर्देश
गश्ती व्यवस्था मजबूत करने और अनुशासन बनाए रखने पर जोर
किशनगंज,13अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले की पुलिसिंग को अधिक अनुशासित, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार अब ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करेगा। यह निर्देश दिन और रात दोनों समय की ड्यूटी पर सख्ती से लागू रहेगा।
एसपी द्वारा जारी आदेश सिपाही से लेकर सहायक अवर निरीक्षक, अवर निरीक्षक और पुलिस निरीक्षक सहित सभी स्तर के पुलिसकर्मियों पर लागू होगा। इस संबंध में किशनगंज सर्किल, बहादुरगंज और ठाकुरगंज सर्किल इंस्पेक्टरों के साथ-साथ जिले के सभी थानाध्यक्षों को लिखित निर्देश भेजे गए हैं।सर्किल इंस्पेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्र में आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करते हुए ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाते पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ अनुशासनहीनता के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में निलंबन तक की कार्रवाई भी की जा सकती है। एसपी स्वयं तथा डीएसपी स्तर के पदाधिकारी समय-समय पर इसकी निगरानी करेंगे।
बताया गया कि पुलिस अधीक्षक को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ड्यूटी के दौरान कुछ पुलिसकर्मी अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता और छवि प्रभावित हो रही है। कई बार मौखिक चेतावनी देने के बाद अब लिखित निर्देश जारी कर सख्ती बरती गई है।
इसके अलावा एसपी ने गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए हैं। थानाध्यक्षों को रूट चार्ट और रोड मैप तैयार करने, बिट गश्ती और पैदल रात्रि गश्ती को अनिवार्य रूप से संचालित करने को कहा गया है। साथ ही गश्ती में तैनात पदाधिकारियों को आत्मरक्षा के लिए सरकारी हथियार साथ रखने का निर्देश दिया गया है। ड्यूटी के दौरान अनुशासित आचरण और बेहतर टर्नआउट बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
इधर, आम नागरिकों ने एसपी के इस फैसले का स्वागत किया है।लोगों का कहना है कि इससे पुलिस की कार्यशैली में सुधार होगा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। वहीं पुलिसकर्मियों के बीच भी इस नए निर्देश को लेकर चर्चा जारी है।


