District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ को प्रभावी बनाने की पहल, डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

किशनगंज,06अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी विशाल राज ने निर्देश दिया कि प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो संबंधित पदाधिकारी तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचित करेंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित पदाधिकारी किसी कारणवश कार्यालय में अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। वहीं, जिन अधिकारियों के पास एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार है, वे सोमवार एवं शुक्रवार को समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से मिलना सुनिश्चित करेंगे।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों की अवहेलना अथवा अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!