किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 7083 से अधिक सिलेंडर स्टॉक : जिलाधिकारी

किशनगंज,04अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
शनिवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि किशनगंज जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। वर्तमान में जिले में 7083 से अधिक गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से चालू कर दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें पूर्व की तरह दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
डीएम विशाल राज ने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है।शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार आज एलपीजी गैस से संबंधित कुल दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निष्पादन कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें।



