
किशनगंज,03अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,
किशनगंज पुलिस ने टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड बनवाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 400 लोगों के नाम से आधार कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित 57 प्रकार के दस्तावेज और सामग्री बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के बलुआजागिर निवासी मनोहर कुमार शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी किराना दुकान की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने का काम कर रहा था।
शुक्रवार को मुख्यालय डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। सूचना के बाद एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
अररिया एसपी सह किशनगंज प्रभारी एसपी जितेंद्र कुमार और मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने गुरुवार की शाम टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मौके से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप, मॉनिटर, थंब स्कैनर, फिंगर प्रिंट स्कैनर, सीपीयू, लैपटॉप चार्जर, पासबुक, एटीएम कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, खतियान, विद्यालय के प्रधानाध्यापक का मुहर, पंचायत सरपंच का मुहर सहित 57 प्रकार के दस्तावेज और सामग्री जब्त की है। इसके अलावा करीब 400 लोगों के नाम से तैयार आधार कार्ड और अन्य कागजात भी बरामद किए गए हैं।
बंगाल से यूपी तक फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क सीमांचल क्षेत्र के जिलों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों तक फैला हुआ था। पुलिस ने बताया कि गिरोह संगठित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को उपलब्ध कराता था। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में प्रभारी एसपी सह अररिया एसपी जितेंद्र कुमार, मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार, एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह, साइबर डीएसपी रविशंकर, टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष इजहार आलम, इंस्पेक्टर मोहम्मद मुश्ताक, अवर निरीक्षक सोना कुमार, रविशंकर कुमार, विकास कुमार, रितेश कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक मनीषा कुमारी सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
इस संबंध में टेढ़ागाछ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


