सहरसा : कोटेशन के माध्यम से 70 लाख रुपये के कार्य का आरोप, जांच की मांग

सहरसा,25मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर में कोटेशन के माध्यम से करीब 70 लाख रुपये के कार्य कराए जाने को लेकर नियमों की अनदेखी का आरोप सामने आया है। मामले में फर्जी योजना संचालन और बिना कार्य कराए राशि निकासी कर बंदरबांट किए जाने की शिकायत की गई है।
बताया जा रहा है कि नगर परिषद कार्यालय द्वारा कोटेशन के माध्यम से लगभग 70 लाख रुपये की योजनाओं का कार्य कागजों पर दर्शाया गया है, जबकि चयनित स्थलों पर कार्य के अस्तित्व को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। आरोप है कि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों की अनदेखी कर कार्यों का भुगतान किया गया, जो नियमों के विरुद्ध है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार्य वास्तव में कराया गया है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि जनहित में पारदर्शिता बनी रहे और लोगों का विश्वास प्रशासन पर कायम रह सके।
नगर परिषद क्षेत्र के युवा समाजसेवी पुनपुन यादव ने इस मामले को गंभीर बताते हुए वरीय पदाधिकारियों से कोटेशन आधारित कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्य वास्तविक रूप से हुआ है या कागजों पर ही राशि निकासी की गई है।
इधर, मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जांच की मांग तेज हो गई है।



