किशनगंज : आईसीडीएस घूसकांड मामले में निगरानी टीम की दबिश, कार्यालय पहुंचकर की पूछताछ
किशनगंज,25मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पूर्व में दर्ज आईसीडीएस घूसकांड मामले की जांच को लेकर निगरानी विभाग की टीम बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित जिला आईसीडीएस कार्यालय पहुंची। टीम ने मामले से जुड़े कर्मियों से पूछताछ कर जांच को आगे बढ़ाया।
निगरानी विभाग के डीएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार आईसीडीएस की प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी के मामले में कुछ कर्मियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और पूछताछ के दौरान कुछ नए तथ्य भी सामने आ सकते हैं।
बताया जाता है कि निगरानी विभाग की टीम बुधवार को गोपनीय तरीके से किशनगंज पहुंची थी। टीम के जिले में पहुंचने की भनक लगते ही आईसीडीएस कार्यालय सहित संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया। टीम ने कार्यालय में पहुंचकर अभिलेखों की जांच भी की और संबंधित कर्मियों से जानकारी ली।
गौरतलब है कि 20 फरवरी को पटना से आई विशेष निगरानी विभाग की टीम ने समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) की प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उन्हें शहर के डुमरिया भट्टा रोड स्थित किराए के आवास से रंगे हाथ पकड़ा गया था।
इस मामले में कोचाधामन के सीडीपीओ नागेंद्र कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पोठिया प्रखंड के सीडीपीओ का प्रभार दिलाने के नाम पर प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी द्वारा 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। साथ ही आरोप था कि राशि नहीं देने पर आरोपपत्र गठित कर निलंबित करवाने की धमकी भी दी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया था।सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना में कांड दर्ज कर कार्रवाई की गई थी और डीपीओ को गिरफ्तार किया गया था।
निगरानी विभाग की टीम इसी मामले में आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।



