बहादुरगंज सीएचसी में प्रसूता को मिला एक्सपायर किट, परिजनों ने किया हंगामा

किशनगंज,25मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के दावों के बीच बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। प्रसव के बाद एक प्रसूता को अस्पताल प्रबंधन द्वारा दिया गया प्रसूता किट एक्सपायर मिलने पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार गरगांव निवासी नाज़ेरी बेगम, पति मारूफ आलम को सोमवार शाम प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को प्रसव होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य के लिए प्रसूता किट प्रदान किया गया।
प्रसूता के भाई मो. नाजिस राही ने बताया कि घर पहुंचने के बाद जब किट की जांच की गई तो उसमें रखे खाद्य पदार्थ सहित कई सामग्री एक्सपायर मिली। यह देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
मौके पर पहुंचे नगर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकूर रहमान ने कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते परिजनों ने एक्सपायर सामग्री नहीं देखी होती और उसका सेवन कर लिया जाता, तो जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।
उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इस प्रकार की लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है, पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आते रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिजवाना तबस्सुम ने बताया कि प्रसव के बाद दी जाने वाली प्रसूता किट राज्य मुख्यालय से सीलबंद अवस्था में उपलब्ध कराई जाती है, जिसके कारण अस्पताल स्तर पर सामग्री की जांच नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि इस मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।
उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अब प्रसूता किट को अस्पताल परिसर में ही प्रसूता और परिजनों के सामने खोलकर जांच करने के बाद ही प्रदान किया जाएगा, ताकि जच्चा-बच्चा का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।



