District Adminstrationकिशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : रामनवमी पर शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, शांति समिति की बैठक संपन्न

किशनगंज,24मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में मंगलवार को महानंदा सभागार में जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने जुलूस के दौरान हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भूतनाथ मंदिर में भंडारा के दौरान महिला पुलिस की व्यवस्था तथा निर्धारित रूट पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने, पेयजल के लिए टैंकर, डस्टबिन एवं सफाई कर्मियों की तैनाती की भी आवश्यकता बताई गई।सदस्यों ने यह मुद्दा भी उठाया कि कुछ बाइकर्स झंडा लगाकर अनावश्यक रूप से शहर में भ्रमण करते हैं, जिनका जुलूस से कोई संबंध नहीं होता। ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। डीएम विशाल राज ने स्पष्ट किया कि जुलूस का निर्धारित रूट यथावत रहेगा और इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि शांति समिति के सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किशनगंज की पहचान आपसी भाईचारे और सद्भाव की रही है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवाओं के भटकाव और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर चिंता जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही नागरिक एकता मंच के साथ समन्वय बढ़ाने और अधिक से अधिक वॉलिंटियर्स को जोड़ने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले में आपसी सौहार्द की परंपरा मजबूत है और इसे बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने जुलूस को निर्धारित रूट से ही निकालने, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने वॉलिंटियर्स की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि पुलिस और स्वयंसेवकों के समन्वय से बेहतर व्यवस्था संभव है। उन्होंने आयोजन समितियों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। साथ ही बाइकर्स पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।

बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!