किशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ, कलश स्थापना के साथ गूंजे जयकारे

किशनगंज,19मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, चैत्र नवरात्रि का नौ दिवसीय पर्व गुरुवार को कलश स्थापना के साथ जिले भर में श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हो गया। इसे हिंदू नववर्ष की शुरुआत के रूप में भी माना जाता है। शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना आरंभ हुई।

शहर के ऐतिहासिक बड़ी कोठी दुर्गा मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ कलश स्थापना कर विशेष पूजा संपन्न की गई। यह मंदिर शहर का प्राचीनतम दुर्गा मंदिर माना जाता है, जहां वर्ष 1888 से थिरानी परिवार द्वारा मां की आराधना की परंपरा निभाई जा रही है। यहां श्रद्धालु प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा में लीन दिखे।

इसी प्रकार शीतला मंदिर में भी कलश स्थापना के साथ नवरात्रि का आगाज हुआ। इस मंदिर में मां शीतला एवं मां दुर्गा की संयुक्त पूजा का विशेष महत्व है। सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

वहीं, खगड़ा एवं सुभाष पाली क्षेत्रों में भी स्थानीय स्तर पर भव्य पंडालों का निर्माण किया गया है। खगड़ा में आकर्षक सजावट के साथ पंडाल तैयार किए गए हैं, जबकि सुभाषपल्ली में कलश स्थापना कर विधिवत पूजा शुरू की गई। इन स्थानों पर प्रतिदिन शाम को आरती एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत रखकर मां दुर्गा के नौ स्वरूप शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी एवं सिद्धिदात्री की पूजा करेंगे। पर्व के प्रथम दिन पीले रंग का विशेष महत्व माना जाता है, जो शक्ति और समृद्धि का प्रतीक है।पर्व को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कई परिवारों ने अपने घरों में भी घट स्थापना कर मां की आराधना का संकल्प लिया है। वहीं, भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

चैत्र नवरात्रि 27 मार्च तक चलेगी, जिसके समापन पर राम नवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!