किशनगंज : बुनियाद केंद्र में ‘वृद्धजन सम्मान समारोह’ का आयोजन

किशनगंज,16मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत सोमवार को बुनियाद केंद्र, किशनगंज में “वृद्धजन सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में परिवार के बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और कृतज्ञता की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन वरीय उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीति कुमारी के निर्देशानुसार किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को अपने दादा-दादी, नाना-नानी तथा अन्य वरिष्ठ पारिवारिक सदस्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया गया। समारोह के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद, पेंटिंग, म्यूजिकल चेयर, लूडो तथा रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिताओं का मुख्य विषय परिवार में वृद्धजनों का महत्व और सामाजिक मूल्यों से जुड़ा रहा।
विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से लूडो और रस्साकसी प्रतियोगिता में बच्चों के साथ-साथ वृद्धजनों ने भी भाग लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल काफी उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वृद्धजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उनके अनुभवों और आशीर्वाद को साझा करने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम का संचालन बुनियाद केंद्र की जिला प्रबंधक नूरी बेगम ने किया। इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के उमाकांत मंडल, वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट नौशाद आलम, कार्यपालक सहायक सुमित कुमार सहित बुनियाद केंद्र और सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया और समाज में वृद्धजनों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।



