*एक दिवसीय विशेष रोजगार मेले में कुल 131 युवा चयनित*
- आधा दर्जन कंपनियों ने 405 युवाओं का लिया बायोडाटा

– आईटीआई, दीघा में रोजगार शिविर का किया गया आयोजन
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना जिला के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष रोजगार मेला का आयोजन किया गया। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय की तरफ से शुक्रवार को शहर के दीघा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक दिवसीय इस रोजगार शिविर का आयोजन किया गया। इस रोजगार शिविर में पटना जिला से विभिन्न नियोजकों के स्तर से कुल 405 युवाओं से बायोडाटा प्राप्त किया गया, जिसमें कुल 131 अभ्यर्थियों को प्रथम स्तर पर चयनित कर लिया गया है।
इस रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर के अतिरिक्त विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। यहां एनसीएस (राष्ट्रीय करियर सेवा) पोर्टल पर निबंधन, टूल किट एवं स्टडी किट से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। मेले में भाग लेने वाले युवाओं के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई थी, ताकि रोजगार की तलाश कर रहे अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
एक दिवसीय रोजगार इस शिविर का आयोजन शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक किया गया। इस मेले का विधिवत उद्घाटन अवर प्रादेशिक नियोजनालय की उप निदेशक श्रीमती अमृता कुमारी, सहायक निदेशक अंकित राज, नियोजन पदाधिकारी अनिश तिवारी एवं आईटीआई, दीघा के उप प्राचार्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। रोजगार मेले में आधा दर्जन निजी क्षेत्र के नियोजकों ने भाग लिया। जिसमें पटना के युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। जिन प्रतिष्ठित नियोजकों ने इस मेले में भाग लिया, उनमें स्टार बक, फ्लिपकार्ट, मदरसन सुमी प्राइवेट लिमिटेड सहित कई अन्य राज्यस्तरीय कंपनियां शामिल थी। इन कंपनियों ने उत्पादन, लॉजिस्टिक्स, सेल्स, मैन्युफैक्चरिंग एवं अन्य तकनीकी व गैर-तकनीकी क्षेत्रों के लिए युवाओं का चयन किया है। युवाओं के चयन के लिए कंपनियों द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू की भी व्यवस्था की गई थी।