किशनगंज : क्रोशे क्लस्टर का डीएम ने किया निरीक्षण, कारीगरों के हुनर की सराहना

किशनगंज,13मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के किशनगंज क्रोशे क्लस्टर का जिलाधिकारी विशाल राज ने निरीक्षण कर कारीगरों के कार्यों का अवलोकन किया। यह कार्यक्रम डेवलपमेंट कमिश्नर (हैंडिक्राफ्ट्स) एवं उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान केंद्र के सहयोग से संचालित गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत चल रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारीगरों द्वारा तैयार किए जा रहे क्रोशे उत्पादों को देखा और उनके हुनर की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।उन्होंने कारीगरों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ बेहतर मार्केटिंग पर भी ध्यान देने की सलाह दी, ताकि उनके उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।
इस मौके पर डिज़ाइनर प्रियंका सिंह, मास्टर ट्रेनर गुरिया कुमारी एवं निम्मी झा भी मौजूद रहीं। उन्होंने कारीगरों को डिज़ाइन, गुणवत्ता और उत्पादों की उपयोगिता को लेकर मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कारीगरों को पारंपरिक शिल्पकला को आधुनिक डिज़ाइन के साथ विकसित करने की प्रेरणा दी जा रही है, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।



