जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा समाहरणालय में आम जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए 32 (बत्तीस) लोगों से मुलाकात की तथा उनके मामलों को विस्तार से सुना। आगंतुकों द्वारा दिए गए आवेदन पत्र के आलोक में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए मामलों को विधिवत निष्पादित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी द्वारा अनेक मामलों में संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर सम्पर्क कर ऑन-स्पॉट समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ (Ease of living) के तहत नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के लिए पटना जिलांतर्गत विभिन्न कार्यालयों में पदाधिकारियों द्वारा आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह के दो कार्यदिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला के सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोग अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके निर्धारित कार्य-स्थल/कार्यालय कक्ष में निर्धारित अवधि में मिल रहे हैं। अधिकारियों को दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आम जनता द्वारा मुख्यतः राजस्व, कृषि, पुलिस, ग्रामीण विकास, भूमि अर्जन, निबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित विषयों पर आवेदन दिया गया है। सभी मामलों में विधिवत तरीके से त्वरित समाधान की कार्रवाई की गई है। लोगों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि समस्याओं का केवल निष्पादन पर्याप्त नहीं है। आम जनता की संतुष्टि सर्वाेपरि है। जो भी आवेदन प्राप्त हुआ है उसमें दिए गए मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए जनता की शिकायतों का शत-प्रतिशत निवारण करें।
आवेदक श्री राम प्रकाश गुप्ता, खुशरूपुर, पटना ने अवैध रूप से जमीन कब्जा किए जाने के बारे में आवेदन दिया। जिलाधिकारी द्वारा अंचल अधिकारी, खुशरूपुर तथा थानाध्यक्ष खुशरूपुर को त्वरित गति से कार्रवाई कर परिवाद का विधिवत निवारण करने का निदेश दिया गया।
आवेदकों श्री विजय कुमार एवं चाँदसि कुमारी, पुनपुन, पटना द्वारा ऑफलाइन जमाबंदी पंजी-2 में खाता-प्लॉट में छेड़छाड़ कर फर्जी डीड लगाकर अवैध समानान्तर जमाबंदी कायम करने के बारे में आवेदन समर्पित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा अपर समाहर्ता एवं जिला विधि शाखा प्रभारी को तीव्र गति से कार्रवाई करते हुए मामले को विधिवत निष्पादित करने का निदेश दिया गया।
आवेदक श्री आदित्य कुमार, नौबतपुर, पटना द्वारा धान अधिप्राप्ति के संबंध में परिवाद पत्र दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा जिला सहकारिता पदाधिकारी, पटना को नियमानुसार त्वरित गति से कार्रवाई करते हुए मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगंतुकों ने अपनी समस्याओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया है। जिला प्रशासन द्वारा इन सब सुझावों पर जनहित में विचार किया जा रहा है एवं आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशों एवं उद्देश्यों के अनुरूप जिला प्रशासन, पटना द्वारा पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुदृढ़ करने के लिए समय-समय पर महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। आम जनता को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है।


