District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : तृतीय एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर-सह-कार्यशाला आयोजित, श्रमिकों को योजनाओं व अधिनियमों की दी गई जानकारी

किशनगंज,16फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, श्रमायुक्त, बिहार, पटना के निर्देशानुसार सोमवार को संयुक्त श्रम भवन, जुलजुली, किशनगंज में तृतीय एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्रम अधीक्षक, किशनगंज द्वारा किया गया।कार्यशाला में जिले की विभिन्न पंचायतों से एक-एक श्रमिक की भागीदारी सुनिश्चित की गई। इस दौरान श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

इसके साथ ही श्रमिकों को विभिन्न श्रम कानूनों जैसे न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, बाल श्रम अधिनियम, ठेका मजदूर अधिनियम एवं बंधुआ मजदूर अधिनियम की जानकारी देते हुए उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की भी विस्तार से चर्चा की।कार्यशाला में उपस्थित श्रमिकों को मार्ग व्यय एवं प्रशिक्षण व्यय का भुगतान संबंधित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के सत्यापन उपरांत किया गया। कार्यक्रम में श्रम अधीक्षक, किशनगंज, सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, जिला किशनगंज तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!