बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने आज बजट सत्र के पूर्व माननीय सदस्यों के लिए नवनिर्मित आवासीय परिसर के संबंध में सभा सचिवालय के पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/इस बैठक में माननीय अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जो माननीय सदस्य वीरचंद पटेल पथ स्थित आवासीय परिसर में क्षेत्र संख्यावार आवंटित आवासों में आवासित नहीं हुए हैं, उनके वहां आवासित होने संबंधी प्रक्रिया तुरंत पूरी की जाए। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 67 माननीय सदस्य नवनिर्मित आवासीय परिसर में आवंटित आवासों में आवासित हो चुके हैं। 15 माननीय सदस्य क्षेत्र संख्या के अनुसार आवंटित आवास में आवासित नहीं है।
6 पूर्व माननीय सदस्य अभी भी इस परिसर में रह रहे हैं।
माननीय अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जो माननीय सदस्य इस परिसर में आवंटित आवास में आवासित नहीं हैं, उन्हें अपने क्षेत्र संख्या के अनुसार आवंटित आवास में शिफ्ट कराने संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही, इस परिसर में जो आवास पूर्णरूपेण तैयार नहीं हैं, उन्हें शीघ्रातिशीघ्र तैयार कराने का निर्देश माननीय अध्यक्ष ने दिया।
इस बैठक में सभा सचिवालय के आवास शाखा से संबंधित वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।



