*बसंतोत्सव कार्यशाला के लिए आवेदन आमंत्रित, 5 से 8 फरवरी तक होगा आयोजन*
- 11 से 29 वर्ष तक के आयु वाले कर सकते हैं आवेदन - पहले आवेदन करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी
त्रिलोकी नाथ प्रसाद। कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन, पटना के संयुक्त तत्वावधान में बसंतोत्सव कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला के लिए जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, समाहरणालय की ओर से इच्छुक प्रतिभागियों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह कार्यशाला पारंपरिक लोककलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टिकुली कला एवं सिक्की कला विषय पर आधारित होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंतोत्सव कार्यशाला का आयोजन 5 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। कार्यशाला में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु सीमा 11 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु वर्ग को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है, 11 से 18 वर्ष तथा 19 से 29 वर्ष।
प्रत्येक विधा में कुल 30-30 सीटें निर्धारित की गई हैं। आवेदक केवल एक ही विधा में आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन करने वाले प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को दिए गए क्यू आर कोड को स्कैन कर आवेदन पत्र भरना होगा। भरे हुए आवेदन पत्र को आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, पटना (तृतीय तल, जिला विकास भवन, समाहरणालय, गांधी मैदान) में जमा किया जा सकता है। इसके अलावा आवेदन ईमेल आईडी daco.ptn@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 3 फरवरी निर्धारित की गई है। कार्यशाला में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आवेदन पत्र में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, आधार संख्या, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, पता, चयनित विधा, फोटो एवं हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से भरना होगा। अपूर्ण अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अनुशासन का पालन करना अनिवार्य होगा।


