किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सरस्वती पूजा को लेकर पूजा पंडालों का निर्माण तेज, मूर्तिकार दे रहे प्रतिमाओं को अंतिम रूप

किशनगंज,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, तीन दिनों बाद विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस वर्ष 23 जनवरी को सरस्वती पूजा आयोजित होगी। इसे लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह पूजा पंडालों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

पूजा समितियों द्वारा पंडाल निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। विद्यालयों व कोचिंग संस्थानों से जुड़े छात्र-छात्राएं भी पूजा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सरस्वती पूजनोत्सव को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। फूलों, सजावटी सामग्री एवं पूजा से संबंधित वस्तुओं की दुकानों में रौनक देखने को मिल रही है।

पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए डे-मार्केट, फल पट्टी, धर्मशाला रोड सहित अन्य प्रमुख बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। प्रसाद के लिए उपयोग होने वाली बुंदिया और फलों की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

फूल व्यवसायी गोपाल दास ने बताया कि इस बार सरस्वती पूजा में फूलों की मांग अधिक है। विशेष रूप से गेंदा और गुलाब की अच्छी मांग बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अधिकांश फूल पश्चिम बंगाल से मंगाए जाते हैं। वहीं सजावटी सामग्री सहित पूजा के अन्य सामानों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। सजावटी सामानों के दाम में गत वर्ष की तुलना में करीब दस प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

इधर, मूर्तिकार भी माता सरस्वती की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। इस बार प्रतिमाओं की बुकिंग अपेक्षाकृत अधिक रही है। शहर के डे-मार्केट सिनेमा हॉल के निकट एवं शनि मंदिर रोड के आसपास प्रतिमा निर्माण कार्य जोरों पर है। यहां प्रतिमा निर्माण में मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल से आए कारीगर जुटे हुए हैं, जो दो माह पूर्व से ही मूर्तियों के निर्माण कार्य में लगे रहते हैं।

मूर्तिकारों ने बताया कि इस बार लगभग 150 से अधिक प्रतिमाओं का ऑर्डर प्राप्त हुआ है। प्रतिमाओं की कीमत एक हजार रुपये से लेकर आठ हजार रुपये तक रखी गई है। अधिकांश प्रतिमाओं की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। मूर्तिकारों के अनुसार इस वर्ष व्यवसाय में हल्का उतार-चढ़ाव जरूर है, लेकिन कुल मिलाकर मांग अच्छी बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!