किशनगंज : सरस्वती पूजा को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
किशनगंज,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सरस्वती पूजा को लेकर मंगलवार को सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने की। बैठक में एसडीएम अनिकेत कुमार, डीएसपी ट्रैफिक राजेश कुमार तथा अंचलाधिकारी राहुल कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसमें जनप्रतिनिधिगण, नागरिक एकता मंच के सदस्य तथा विभिन्न पूजा समितियों से जुड़े लोग शामिल हुए।
एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि किशनगंज जिला गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है, जहां सभी पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाते हैं।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरस्वती पूजा भी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
डीएसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने कहा कि बड़े पूजा पंडालों द्वारा प्रतिमा विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
सर्किल इंस्पेक्टर राजा ने कहा कि जिले में सरस्वती पूजा मुख्य स्थलों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में भी बड़े पैमाने पर आयोजित होती है, इसलिए सभी पूजा समितियों से अनुरोध है कि अपने-अपने आयोजन की जानकारी पूर्व से थाना को अवश्य दें।
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने कहा कि जो भी पूजा समिति बड़ा पंडाल या विशेष आयोजन कर रही है, वह समय रहते सूचना दे, ताकि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सभी से अपील की कि सभ्य तरीके से पूजा संपन्न कराएं और प्रशासन को सहयोग करें।

