किशनगंज : बीएसएफ 132वीं बटालियन का सिविक एक्शन प्रोग्राम, मेडिकल कैंप का आयोजन
महिला कार्मिकों के लिए नए बैरक का उद्घाटन

किशनगंज,18जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, 132वीं बटालियन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा रविवार को सीमावर्ती क्षेत्रों में सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में सीमा चौकी नयाबारी में महिला कार्मिकों के लिए नव निर्मित बैरक का उद्घाटन किया गया, वहीं सीमा चौकी अम्बिकानगर में निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बोआ (BAWA) प्रेसिडेंट मोना ऑल एवं क्षेत्रीय मुख्यालय के डीआईजी ईश ऑल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर विनीता बोहरा, कमांडेंट राजेंद्र सिंह सहित वाहिनी के 9 अधिकारी, 35 अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इसके साथ ही खेल-कूद सामग्री एवं स्टेशनरी भी ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के बीच निःशुल्क वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई, जिससे आयोजन में उत्साह का माहौल रहा।
महिला कार्मिकों के लिए बैरक के उद्घाटन से महिला जवानों में विशेष उत्साह देखा गया। उन्होंने इसे कार्यस्थल पर बेहतर सुविधा और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में सीमावर्ती क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, ग्राम सदस्य, शिक्षक, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के उपरांत सीमा चौकी बरमनबस्ती में प्रहरी भोज का आयोजन किया गया।


