किशनगंज : नववर्ष पर कड़ी सुरक्षा, डीएम–एसपी ने किया पिकनिक स्पॉटों का निरीक्षण
129 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस की तैनाती, शांतिपूर्ण माहौल में मना नया साल

किशनगंज,01जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में नववर्ष 2026 गुरुवार को पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। नए साल के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक सागर कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे, जबकि जिलाधिकारी विशाल राज और एसपी ने जिले के प्रमुख पिकनिक स्पॉटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नववर्ष को लेकर जिले के सभी चिन्हित पिकनिक स्पॉटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कुल 129 स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। एसडीएम अनिकेत कुमार एवं एसडीपीओ गौतम कुमार भी विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। थानाध्यक्षों को भी अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था।
पिकनिक स्पॉटों पर हुड़दंग मचाने वालों, शराब पार्टी की मंशा रखने वालों एवं शराब पीकर घूमने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रही। महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। महिला पुलिस की अभभ्या ब्रिगेड की टीम को विशेष रूप से छेड़खानी जैसी घटनाओं पर नजर रखने का निर्देश दिया गया था। इसके अलावा सादे लिबास में भी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
सीमावर्ती जिला होने के कारण बिहार–पश्चिम बंगाल सीमा पर भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। बंगाल सीमा से शराब पीकर शहर में प्रवेश की संभावना को देखते हुए चेक पोस्टों पर सघन वाहन जांच की गई और बिना जांच किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
इधर, नववर्ष 2026 के पहले दिन जिले के विभिन्न पिकनिक स्पॉटों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। बेलवा स्थित ओदरा काली मंदिर पिकनिक स्पॉट, बुद्धा शांति पार्क, अर्राबारी मैदान परिसर, टेढ़ागाछ के वेणुगढ़ तथा कई चाय बागानों में लोगों ने नए साल का आनंद लिया। डीएम विशाल राज एवं एसपी सागर कुमार ने स्वयं इन स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम विशाल राज ने कनीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदी किनारे स्थित पिकनिक स्पॉटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी हाल में लोगों को गहरे पानी में जाने न दिया जाए।
वहीं एसपी सागर कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को छेड़खानी, ट्रिपल लोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही अभया ब्रिगेड को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा।
एसपी सागर कुमार ने कहा कि जिलेवासियों ने नववर्ष को शांति, सौहार्द और उत्साह के साथ मनाया है, जिसमें आम जनता के सहयोग के साथ प्रशासन की सतर्कता की अहम भूमिका रही।

