किशनगंज : जनता दरबार में जमीनी विवादों की सुनवाई, कई मामले निपटाए गए

किशनगंज,22नवंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के सभी थानों में शनिवार को जमीनी विवादों के निपटारे के लिए जनता दरबार आयोजित किया गया। इसी क्रम में किशनगंज सदर थाना में भी सुबह 10 बजे से जनता दरबार शुरू हुआ, जिसमें फरियादी अपने-अपने आवेदन लेकर पहुंचे।
सदर थाना में कुल चार नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से दो नए मामलों की मौके पर ही सुनवाई की गई। वहीं पुराने मामलों पर भी सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। कई मामलों में एक पक्ष की अनुपस्थिति या आवश्यक दस्तावेज़ पूरे न होने के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई।
जनता दरबार का संचालन राजस्व अधिकारी गंगा राम टुडू तथा सदर थाना के अवर निरीक्षक की उपस्थिति में किया गया। राजस्व अधिकारी ने बताया कि पूर्व में दर्ज कई आवेदनों में निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों को दोनों पक्षों की उपस्थिति में सुना जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हर शनिवार को जिले के विभिन्न थानों में जनता दरबार आयोजित किया जाता है। इसमें दूर-दराज के गांवों से लोग अपनी जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद, आपसी सहमति और समाधान की उम्मीद से पहुँचते हैं।
जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय स्तर पर ही जमीन विवादों का त्वरित निपटारा किया जा सके, ताकि लोगों को अनावश्यक कोर्ट-कचहरी के चक्कर न लगाने पड़े।

