किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सिपाही प्रशिक्षण व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा, अनुशासन और समर्पण की दी सीख

किशनगंज,16सितंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में चल रहे सिपाही प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) सागर कुमार ने खगड़ा स्टेडियम पहुँचकर प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नव नियुक्त सिपाहियों के परेड अभ्यास, शारीरिक प्रशिक्षण एवं अनुशासनात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया।

प्रशिक्षण स्थल पर कुल 207 प्रशिक्षु सिपाही, जो अररिया जिला से आए हैं, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। एसपी श्री कुमार ने परेड का अवलोकन करते हुए सिपाहियों के समर्पण और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने अभ्यास में पाई गई कुछ त्रुटियों पर सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

एसपी ने अपने संबोधन में कहा, “पुलिस सेवा में आना गौरव की बात है। आपने कठिन मेहनत के बल पर यह अवसर पाया है, अब इसका बेहतर उपयोग करते हुए प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।” उन्होंने अनुशासन को पुलिसिंग का मूल आधार बताया और कहा कि एक अच्छा पुलिसकर्मी बनने के लिए प्रशिक्षण के दौरान ही अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को आत्मसात करना ज़रूरी है।

एसपी सागर कुमार ने यह भी बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खेल-कूद की गतिविधियाँ भी शामिल की जाएंगी, जिससे सिपाही मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बन सकें। उन्होंने प्रशिक्षकों को भी निर्देश दिए कि वे समर्पित भाव से प्रशिक्षण प्रदान करें।प्रशिक्षण स्थल पर सिपाहियों में जोश और सेवा भाव देखने को मिला। देश और राज्य की सेवा के लिए कुछ कर गुजरने की तमन्ना उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!