किशनगंज में महिला संवाद कार्यक्रम बना बदलाव का माध्यम, अब तक 24 हजार से अधिक आकांक्षाएं दर्ज

किशनगंज,07जून(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में 18 अप्रैल से चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम ने ग्रामीण महिलाओं को अपनी बात रखने और विकास से जुड़ने का सशक्त मंच प्रदान किया है। अब तक इस कार्यक्रम के माध्यम से 24,201 आकांक्षाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिन्हें संबंधित सरकारी विभागों और जिला प्रशासन को कार्यान्वयन के लिए भेजा जा रहा है।
महिला संवाद मोबाइल एप के जरिये महिलाओं की आकांक्षाएं डिजिटल रूप से दर्ज की जा रही हैं। इस कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साही भागीदारी देखने को मिल रही है, जो न सिर्फ अपनी समस्याएं साझा कर रही हैं, बल्कि विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। यह संवाद कार्यक्रम टोला और गांव समाज के विकास के लिए कारगर साबित हो रहा है।
अब तक जिले के 1,009 ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है, जिसमें 1.7 लाख से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। चरणबद्ध रूप से यह कार्यक्रम 1,262 ग्राम संगठनों में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम जिले के सभी सात प्रखंडों में सुबह और शाम की दो पालियों में हो रहा है। शनिवार को भी 19 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में बहादुरगंज प्रखंड की पलासमनी पंचायत की जुबेदा बेगम ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि वे खेती और पशुपालन करती हैं, और स्वयं सहायता समूह से 1 रुपये ब्याज दर पर ऋण लेकर उन्होंने यह काम शुरू किया। दूध और फसल की बिक्री से उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को रोजगार के लिए किसी महाजन के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ती, स्वयं सहायता समूह उन्हें सशक्त बना रहा है।
महिला संवाद कार्यक्रम में जागरूकता वाहन के माध्यम से वीडियो फिल्में दिखाकर और लीफलेट वितरित कर, महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। यह कार्यक्रम न सिर्फ महिलाओं को जागरूक बना रहा है, बल्कि उनकी सोच, सुझाव और आकांक्षाओं को भी स्वर दे रहा है।