District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : हज यात्रा से पहले स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर, 140 यात्रियों के लिए विशेष टीकाकरण शिविर

किशनगंज,16फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, इस्लाम धर्म की पवित्र हज यात्रा पर रवाना होने से पूर्व जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से सदर अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर में हज यात्रियों को अनिवार्य टीके लगाए गए।

इस वर्ष किशनगंज जिले से कुल 140 हज यात्री पवित्र यात्रा पर जा रहे हैं। हज यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ और अंतरराष्ट्रीय आवागमन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मैनिंजाइटिस और पोलियो टीकाकरण अनिवार्य किया है। अब तक 80 यात्रियों को टीका लगाया जा चुका है।

सदर अस्पताल में आयोजित विशेष शिविर में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अनवर आलम, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार तथा महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शबनम यास्मीन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। टीकाकरण के उपरांत यात्रियों को आवश्यक प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए, जो हज यात्रा के लिए अनिवार्य है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मैनिंजाइटिस भीड़-भाड़ वाले स्थानों में तेजी से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जबकि पोलियो टीकाकरण अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य मानकों के तहत जरूरी है। वहीं 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के यात्रियों को अतिरिक्त सुरक्षा के तहत इन्फ्लूएंजा (फ्लू) का टीका भी लगाया जा रहा है, ताकि श्वसन संक्रमण से बचाव हो सके।

सिविल सर्जन ने कहा कि हज यात्रियों का टीकाकरण केवल व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे परिवार और समाज भी संभावित संक्रमण से सुरक्षित रहता है। शेष यात्रियों का टीकाकरण शीघ्र पूरा कर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाएगा।

टीकाकरण के बाद यात्रियों ने संतोष जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था से वे निश्चिंत होकर हज यात्रा पर रवाना होंगे। जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि विदेश यात्रा या भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से पहले आवश्यक टीकाकरण अवश्य कराएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!