ठाकुरगंज : बसीर नगर वार्ड 11 में जर्जर सड़क, हादसे का खतरा
जिम्मेदार बेखबर, मरम्मत का इंतजार कर रहे स्थानीय लोग

किशनगंज, 25 अगस्त (के.स.)। फ़रीद अहमद, नगर पंचायत ठाकुरगंज के बसीर नगर वार्ड नंबर 11 में सड़क की जर्जर हालत स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूटकर उखड़ गया है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और बिखरे हुए कंक्रीट के टुकड़े राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
सबसे चिंता की बात यह है कि क्षतिग्रस्त सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों के भी दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है, क्योंकि रात के अंधेरे में गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत की दिशा में प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है। सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
सड़क जैसी बुनियादी सुविधा की खराब स्थिति केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि सीधे तौर पर नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। नगर पंचायत प्रशासन को चाहिए कि मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराए और सड़क की गुणवत्ता की भी जांच सुनिश्चित करे।
लोगों की मांग है कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।



