‘माँ से बढ़कर सासू माँ’ का एडवाइज भोजपुरी सिनेमा पर भव्य डिजिटल प्रीमियर

गुड्डू कुमार सिंह/भोजपुरी सिनेमा। पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं पर आधारित भोजपुरी फिल्म ‘माँ से बढ़कर सासू माँ’ का भव्य डिजिटल प्रीमियर एडवाइज भोजपुरी सिनेमा पर हो चुका है। एडवाइज मूवीज प्रस्तुत इस फिल्म में सास-बहू के रिश्ते को एक अलग नजरिए से पेश किया गया है। फिल्म मनोरंजन के साथ दर्शकों को एक सार्थक संदेश देने की कोशिश करती है। फिल्म का निर्माण पूनम यादव ने किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी संजय श्रीवास्तव ने संभाली है। एडवाइज मूवीज की इस प्रस्तुति को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों तक पहुंचाया गया है।
निर्माता पूनम यादव ने कहा कि ‘माँ से बढ़कर सासू माँ’ सिर्फ मनोरंजन के लिए बनाई गई फिल्म नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से परिवार और रिश्तों की अहमियत को भी दर्शाने का प्रयास किया गया है। सास और बहू का रिश्ता आपसी प्रेम, सम्मान और समझदारी से खूबसूरत बन सकता है। फिल्म में दर्शकों को भावनाओं, पारिवारिक ड्रामे और मनोरंजन का अच्छा मेल देखने को मिलेगा। हमें उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को पसंद करेंगे और अपना भरपूर प्यार व आशीर्वाद देंगे।
निर्देशक संजय श्रीवास्तव ने बताया कि ‘माँ से बढ़कर सासू माँ’ के जरिए उन्होंने सास और बहू के रिश्ते को भावनात्मक और सकारात्मक नजरिए से प्रस्तुत करने की कोशिश की है। फिल्म में पारिवारिक रिश्तों की मिठास, आपसी समझ, प्रेम और सम्मान को मनोरंजन के साथ दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने फिल्म को बेहतर बनाने के लिए मेहनत की है। उम्मीद है कि दर्शक इसकी कहानी और कलाकारों के अभिनय से जुड़ाव महसूस करेंगे और फिल्म को अपना प्यार देंगे।
फिल्म में संचिता बनर्जी, अक्ष यादव, सुबोध सेठ, श्रद्धा नवल और ललित उपाध्याय मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी परिवार के भीतर सास और बहू के बीच बनने वाले रिश्तों, आपसी समझ, भावनाओं और पारिवारिक परिस्थितियों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म के जरिए यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि रिश्तों में प्रेम, सम्मान और समझदारी हो तो कई मुश्किल परिस्थितियों का समाधान निकाला जा सकता है।
फिल्म के कार्यकारी निर्माता रौनक मिश्रा हैं, जबकि गीत एवं संगीत की जिम्मेदारी मुन्ना दुबे और अमन श्लोक ने संभाली है। फिल्म के लेखक ओम प्रकाश, छायाकार मनोज सिंह और संकलनकर्ता प्रवीण एस. राय हैं। नृत्य निर्देशन प्रवीण शेलार ने किया है, जबकि कला निर्देशन संतोष सिंह (सोमवंशी) ने संभाला है। फिल्म के मुख्य सहायक निर्देशक आजम शेख एवं रवि तिवारी हैं।
‘माँ से बढ़कर सासू माँ’ उन पारिवारिक कहानियों में शामिल है, जो रोजमर्रा के जीवन से जुड़े रिश्तों और भावनाओं को मनोरंजन के माध्यम से सामने लाती हैं। डिजिटल प्रीमियर के साथ अब दर्शक घर बैठे इस फिल्म का आनंद ले सकते हैं।



