राँची के राज अस्पताल पर गंभीर आरोप: पैर फ्रैक्चर के मरीज की मौत, 22 लाख के बिल पर CM हेमंत सोरेन ने दिए जांच के आदेश

रांची: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित राज अस्पताल एक बार फिर विवादों में है। पैर फ्रैक्चर के इलाज के लिए भर्ती किए गए एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल पर लापरवाही और इलाज के नाम पर 22 लाख रुपये का बिल वसूलने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों का आरोप है कि मरीज को सिर्फ पैर में फ्रैक्चर था। अस्पताल में भर्ती करने के बाद कई दिनों तक सही तरीके से ड्रेसिंग नहीं की गई। इससे मरीज को गंभीर संक्रमण हो गया। हालत बिगड़ने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया और इलाज के दौरान अस्पताल ने करीब 22 लाख रुपये का बिल बना दिया। बाद में मरीज की मौत हो गई। मामले के तूल पकड़ने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद संज्ञान लिया है। उन्होंने रांची के उपायुक्त (डीसी) को पूरे मामले की जांच करने और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रांची डीसी तुरंत मामले की जांच करें और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस घटना के बाद निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि इलाज के नाम पर मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है और मरीजों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।फिलहाल मामले की जांच शुरू होने का इंतजार है। वहीं, राज अस्पताल की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अस्पताल का पक्ष आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।