किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : बनते ही उखड़ने लगी सड़क, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना पर उठे सवाल

किशनगंज, 29 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत ठाकुरगंज प्रखंड की बारा बंगला वार्ड संख्या-2 से चुकहट टोला तक निर्माणाधीन 2.828 किलोमीटर सड़क की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रही सड़क में निर्माण मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे सड़क बनने के दौरान ही कई स्थानों पर उखड़ने लगी है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी व्याप्त है और उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार नई डामर परत बिछाने से पहले पुरानी क्षतिग्रस्त सड़क की परत को पूरी तरह नहीं हटाया गया। आरोप है कि बिना समुचित तैयारी के ही नई परत बिछा दी गई, जिसके कारण सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य इसी तरह चलता रहा तो सड़क अधिक दिनों तक टिक नहीं पाएगी और सरकारी राशि का दुरुपयोग होगा।

ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना है, लेकिन निर्माण कार्य में कथित लापरवाही से योजना की गुणवत्ता पर ही प्रश्नचिह्न लग गया है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित संवेदक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उल्लेखनीय है कि सड़क निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल किशनगंज-02 की देखरेख में कराया जा रहा है। हालांकि, निर्माण में अनियमितता के लगाए गए आरोपों पर विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित संवेदक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका पक्ष प्राप्त होते ही उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

फिलहाल ग्रामीणों की शिकायतों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button