प्रमुख खबरें

*पर्दे के पीछे चल रही है राजनीति – राजनीति में हर जवाब तुरंत नहीं मिलता*

जितेन्द्र कुमार सिन्हा,  ::सियासत की बिसात पर मोहरे कभी केवल वर्तमान के लिए नहीं सजाए जाते हैं। हर चाल के पीछे भविष्य की कोई न कोई रणनीति होती है। राजनीति में आज जो फैसला सामान्य दिखाई देता है, संभव है कि उसके पीछे आने वाले कई वर्षों की सत्ता, संगठन और चुनावी समीकरणों की पटकथा लिखी जा रही हो। शतरंज की तरह राजनीति में भी हर खिलाड़ी अपने मोहरों की स्थिति, प्रतिद्वंद्वी की ताकत और संभावित परिणामों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ता है। अंतर सिर्फ इतना है कि शतरंज में राजा और वजीर की चालें सामने दिखाई देती है, जबकि राजनीति में कई बार असली खिलाड़ी पर्दे के पीछे रहकर पूरी बाजी को प्रभावित करते हैं। सियासी शतरंज की बिसात पर कुछ ऐसा ही माहौल दिखाई दे रहा है। कहीं खामोशी है तो कहीं हलचल। कहीं चेहरे अपने-अपने मोर्चे पर सक्रिय हैं तो कहीं राजनीतिक रणनीतिकार भविष्य की संभावनाओं का हिसाब लगा रहे हैं। सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भले ही जारी हो, लेकिन राजनीति की असली कहानी उन गतिविधियों में छिपी होती है, जिनका खुलासा समय आने पर होता है।

राजनीति का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि यहां दिखाई देने वाली गतिविधियों को ही पूरी रणनीति मान लेना बड़ी भूल हो सकती है। किसी नेता का मौन रहना उसकी कमजोरी नहीं होती है, बल्कि कई बार सोची-समझी रणनीति का हिस्सा होता है। किसी का अचानक सक्रिय हो जाना केवल व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का परिणाम नहीं होता है, बल्कि उसके पीछे संगठनात्मक या चुनावी उद्देश्य भी हो सकते हैं। राजनीतिक दलों में बैठकों, मुलाकातों, संगठनात्मक बदलावों और सार्वजनिक बयानों का अपना अलग अर्थ होता है। कभी किसी नेता को आगे बढ़ाया जाता है तो कभी किसी दूसरे चेहरे को अपेक्षाकृत पीछे रखा जाता है। कभी पुराने सहयोगियों को महत्व मिलता है तो कभी नए समीकरण बनाने की कोशिश होती है। इन सभी घटनाओं को अलग-अलग देखने के बजाय एक व्यापक राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में समझना जरूरी है। कई बार जो नेता आज हाशिये पर दिखाई देता है, वही आने वाले समय में निर्णायक भूमिका निभाने लगता है। इसी तरह आज सत्ता के केंद्र में दिखाई देने वाला चेहरा भी भविष्य में राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर सकता है। इसलिए राजनीति में किसी की स्थायी जीत या स्थायी हार का फैसला जल्दबाजी में नहीं किया जा सकता है।

सत्ता की राजनीति केवल सरकार बनाने और चलाने तक सीमित नहीं है। इसके भीतर संगठन को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने, नए नेतृत्व को तैयार करने और सहयोगियों के बीच संतुलन कायम रखने की लंबी प्रक्रिया चलती रहती है। राजनीतिक दलों के लिए चुनाव भले ही पांच वर्षों के अंतराल पर आते हो, लेकिन चुनावी तैयारी लगातार चलती रहती है। प्रत्येक निर्णय के पीछे यह विचार रहता है कि उसका जनता, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और विरोधियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। किसी राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा हो, मंत्रिमंडल में फेरबदल हो, संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बंटवारा हो या किसी नए चेहरे को राजनीतिक महत्व दिया जाए, इन सबका संबंध भविष्य की रणनीति से हो सकता है। कई बार ऐसे फैसले तत्काल राजनीतिक दबाव को कम करने के लिए किए जाते हैं, जबकि कभी उनका उद्देश्य आने वाले चुनावों के लिए नई जमीन तैयार करना होता है। राजनीति में दूरदर्शिता का अर्थ केवल अगले चुनाव को जीतना नहीं होता है, बल्कि चुनाव के बाद भी राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक मजबूती बनाए रखना होता है। जो दल इस अंतर को समझते हैं, वे परिस्थितियों के बदलने पर भी अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने में सफल होते हैं।

राजनीति में चेहरे बदलते रहते हैं, लेकिन सत्ता और प्रभाव की आकांक्षा कभी समाप्त नहीं होती है। प्रत्येक दल में अलग-अलग स्तर पर नेतृत्व की महत्वाकांक्षाएं होती है। कोई अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहता है, कोई संगठन में अपनी पकड़ बढ़ाना चाहता है और कोई भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी हासिल करने की प्रतीक्षा करता है। ऐसी स्थिति में राजनीतिक दलों के शीर्ष नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती सभी महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन कायम रखने की होती है। किसी एक नेता को अधिक महत्व देने से दूसरे खेमे में असंतोष पैदा हो सकता है। किसी पुराने नेता की उपेक्षा करने से संगठनात्मक कमजोरी आ सकती है और किसी नए चेहरे को अचानक आगे बढ़ाने से पुराने समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। यही कारण है कि राजनीतिक नेतृत्व को कई बार ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं, जिनका तत्काल लाभ स्पष्ट नहीं दिखाई देता है। लेकिन उनका उद्देश्य भविष्य में संभावित टकराव को रोकना और संगठन को एकजुट रखना होता है। राजनीति में हर चेहरा एक मोहरा नहीं होता और हर मोहरे की भूमिका भी समान नहीं होती। कभी छोटा दिखाई देने वाला राजनीतिक किरदार भी निर्णायक साबित हो जाता है।

भारतीय राजनीति में गठबंधन की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण रही है। यहां सत्ता की राह केवल किसी एक दल की ताकत से नहीं है, बल्कि सहयोगियों के बीच तालमेल और आपसी विश्वास से भी तय होती है। गठबंधन की राजनीति में सीटों का बंटवारा, नेतृत्व का सवाल, सरकार में हिस्सेदारी और चुनावी रणनीति जैसे मुद्दे बेहद संवेदनशील होते हैं। सार्वजनिक मंचों पर एकजुटता दिखाई देना अलग बात है, लेकिन पर्दे के पीछे प्रत्येक दल अपने राजनीतिक हितों का आकलन करता रहता है। कभी सहयोगी दलों के बीच मतभेद सामने आते हैं तो कभी अचानक ऐसी राजनीतिक निकटता दिखाई देती है, जिसकी कुछ समय पहले कल्पना भी नहीं की गई होती। इसीलिए गठबंधन की राजनीति में किसी भी समीकरण को अंतिम मान लेना उचित नहीं है। एक सफल गठबंधन वही होता है, जिसमें सभी घटक दलों को अपनी राजनीतिक पहचान और सम्मान सुरक्षित रखने का अवसर मिले। केवल सत्ता में भागीदारी से गठबंधन मजबूत नहीं होता है। उसके लिए साझा एजेंडा, नेतृत्व पर भरोसा और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय भी जरूरी होता है। यदि इनमें से किसी एक मोर्चे पर कमजोरी आती है तो राजनीतिक विरोधियों को अवसर मिल जाता है। यही वजह है कि गठबंधन की बिसात पर हर चाल बेहद सावधानी से चली जाती है।

सियासी शतरंज की इस बाजी में विपक्ष की भूमिका भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। विपक्ष के सामने चुनौती केवल सत्ता पक्ष की रणनीतियों का जवाब देने की नहीं है, बल्कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने और उसे विस्तार देने की भी है। लोकतंत्र में विपक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों की समीक्षा करना, जनता के मुद्दों को उठाना और वैकल्पिक राजनीतिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करना है। लेकिन इसके लिए केवल विरोध पर्याप्त नहीं होता है। विपक्ष को यह भी बताना पड़ता है कि वह सत्ता में आने पर कौन-सी नीतियां अपनाएगा और जनता की समस्याओं का समाधान किस प्रकार करेगा। आज विपक्ष के सामने सबसे बड़ा सवाल राजनीतिक एकजुटता का है। अलग-अलग विचारधाराओं, क्षेत्रीय हितों और नेतृत्व की महत्वाकांक्षाओं वाले दलों को एक मंच पर लाना आसान नहीं होता। साझा विरोध के आधार पर गठबंधन बन सकता है, लेकिन उसे लंबे समय तक बनाए रखने के लिए साझा सकारात्मक कार्यक्रम भी आवश्यक है। विपक्ष को अपनी रणनीति में यह समझना होगा कि केवल सत्ता पक्ष की आलोचना से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता है। बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की समस्याएं, युवाओं के अवसर और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर स्पष्ट दृष्टिकोण प्रस्तुत करना होगा। यदि विपक्ष इन मुद्दों पर जनता के बीच विश्वसनीय विकल्प बन पाता है तो उसकी राजनीतिक स्थिति मजबूत हो सकती है अन्यथा उसकी राजनीति केवल प्रतिक्रियाओं और आरोपों तक सीमित रह जाएगी।

राजनीतिक दल भले ही अपनी-अपनी रणनीति तैयार करते रहें, लेकिन लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जनता के हाथों में होती है। चुनाव के समय जनता ही तय करती है कि किसे सत्ता की जिम्मेदारी मिलेगी और किसे विपक्ष में बैठना पड़ेगा। राजनीतिक दलों की रणनीति, नेताओं की लोकप्रियता, संगठन की मजबूती और गठबंधन का गणित महत्वपूर्ण जरूर है, लेकिन इन सबसे ऊपर जनता का विश्वास है। कोई भी राजनीतिक दल लंबे समय तक केवल प्रचार और नारों के सहारे अपनी स्थिति मजबूत नहीं रख सकता है। जनता अब पहले की तुलना में राजनीतिक घटनाक्रमों को अधिक बारीकी से समझती है। सोशल मीडिया, समाचार माध्यमों और सार्वजनिक बहसों के कारण राजनीतिक फैसलों पर तत्काल प्रतिक्रिया भी सामने आती है। हालांकि, तात्कालिक प्रतिक्रियाएं हमेशा चुनावी जनमत का सही संकेत नहीं होती है। किसी नेता की लोकप्रियता का वास्तविक परीक्षण चुनाव के समय होता है। इसी प्रकार किसी सरकार की उपलब्धियों और विफलताओं का आकलन भी जनता अपने अनुभवों के आधार पर करती है। इसलिए राजनीतिक दलों को यह नहीं भूलना चाहिए कि सियासी शतरंज के सभी मोहरों के बीच असली निर्णायक जनता है।

राजनीति में हर बात का जवाब बयान से नहीं दिया जाता है। कभी-कभी मौन भी अपने आप में एक संदेश होता है। जब कोई बड़ा नेता किसी राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया नहीं देता है, तो उसके मौन के कई अर्थ निकाले जाते हैं। कोई इसे रणनीतिक संयम मानता है तो कोई राजनीतिक दबाव का संकेत। इसी तरह किसी मुद्दे पर अचानक बयानबाजी तेज होना भी किसी बड़ी राजनीतिक तैयारी का हिस्सा हो सकता है। राजनीतिक दल कई बार समय और परिस्थितियों को देखकर अपने मुद्दों को सार्वजनिक करते हैं। लेकिन यहां एक बात महत्वपूर्ण है कि हर मौन के पीछे रणनीति और हर हलचल के पीछे कोई बड़ी योजना हो, यह जरूरी नहीं होता है। राजनीति का निष्पक्ष विश्लेषण करने के लिए तथ्यों, परिस्थितियों और घटनाक्रमों को समझना आवश्यक है। केवल अटकलों के आधार पर किसी निष्कर्ष तक पहुंचना उचित नहीं है।

राजनीतिक शतरंज में शह देना आसान हो सकता है, लेकिन मात देने के लिए धैर्य, रणनीति और सही समय की आवश्यकता होती है। जो खिलाड़ी जल्दबाजी में अपनी चाल चलता है, वह कई बार अपने ही मोहरों को संकट में डाल देता है। सत्ता पक्ष के सामने अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, संगठन को एकजुट रखने और सहयोगियों के बीच विश्वास बनाए रखने की चुनौती होती है। वहीं विपक्ष को अपनी कमजोरियों से बाहर निकलकर एक विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करना होता है। आने वाले समय में राजनीतिक समीकरण किस दिशा में जाएंगे, यह कई कारकों पर निर्भर करेगा। नेतृत्व की क्षमता, जनता का मूड, संगठनात्मक मजबूती, आर्थिक परिस्थितियां और राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दे इस खेल की दिशा तय करेंगे। यह भी संभव है कि आज जो राजनीतिक घटनाक्रम सामान्य दिखाई दे रहे हैं, वही भविष्य में बड़े बदलाव की वजह बन जाएं। इसी प्रकार जिन राजनीतिक चर्चाओं को आज बहुत महत्व दिया जा रहा है, वे समय के साथ अप्रासंगिक भी हो सकती है।

सियासत की बिसात पर मोहरे अपनी-अपनी जगह पर है। कुछ खिलाड़ी खुलकर चाल चल रहे हैं तो कुछ सही अवसर की प्रतीक्षा में हैं। कहीं रणनीति बन रही है तो कहीं राजनीतिक समीकरणों को नए सिरे से समझने की कोशिश हो रही है। सत्ता पक्ष अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटा है तो विपक्ष अपनी राजनीतिक जमीन बचाने और विस्तार देने की चुनौती से जूझ रहा है। लेकिन इस पूरी राजनीतिक हलचल के बीच सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राजनीति का अंतिम उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना होना चाहिए। यदि राजनीतिक दल अपनी रणनीति में जनहित को प्राथमिकता देते हैं तो लोकतंत्र मजबूत होगा, अन्यथा शह और मात का यह खेल केवल सत्ता के इर्द-गिर्द घूमता रहेगा।

यह कहना जल्दबाजी होगी कि इस सियासी बाजी में कौन विजेता होगा और किसके हिस्से हार आएगी। क्योंकि राजनीति में आज का मजबूत खिलाड़ी कल चुनौती का सामना कर सकता है और आज का कमजोर समझा जाने वाला चेहरा भविष्य में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। सियासत में शह हमेशा दिखाई देती है, लेकिन मात का पता अक्सर बाजी पलटने के बाद ही चलता है। इसलिए अभी किसी को विजेता और किसी को पराजित घोषित करना उचित नहीं होगा। बिसात बिछ चुकी है, मोहरे सज चुके हैं और चालें चलने का सिलसिला जारी है। असली फैसला तो आने वाला राजनीतिक वक्त ही करेगा। क्योंकि सियासत में बाजी कभी केवल आज के लिए नहीं खेली जाती है, उसकी असली कहानी आने वाला कल लिखता है।
——————

Related Articles

Back to top button