प्रमुख खबरें

महाराजाधिराज डॉ.सर कामेश्वर सिंह की 119वें जयंती समारोह के सुअवसर पर ‘कामेश्वर सिंह स्मृति व्याख्यान’ कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के ‘दरबार हॉल’ में कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय की अध्यक्षता में राजनीति विज्ञान के निष्णात विद्वान प्रो. समीर कुमार दास, पूर्व कुलपति, नार्थ बंगाल विश्वविद्यालय, सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल ने दिया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह कल्याणी फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत भगवती वंदना से हुई। इसके बाद आगत अतिथियों के द्वारा महाराज कामेश्वर सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया। आगत अतिथियों का स्वागत फाउंडेशन के कार्यपालक पदाधिकारी श्री श्रुतिकर झा ने किया, साथ ही प्रथम न्यासी स्वर्गीय प्रो. हेतुकर झा को स्मरण करते हुए उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। इसी वर्ष दिवंगत हुईं महारानी कामसुंदरी देवी साहिबा को याद करते हुए उनके इस सारस्वत संस्थान को सुचारू ढंग से भविष्य में भी संचालित करने का विश्वास दिलाया।
फाउंडेशन के न्यासी पं. रामचंद्र झा और डाक्टर जे० के० सिंह ने मुख्य वक्ता प्रो. समीर कुमार दास और अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय जी का पाग दुपट्टा से सम्मानित किया।
प्रोफेसर रामचंद्र झा ने न्यास की ओर से सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया। प्रोफेसर रामचंद्र झा ने महेश ठाकुर द्वारा विद्वता से इस राज को पाने से लेकर महाराज कामेश्वर सिंह द्वारा इस लक्ष्मी विलास पैलेस को समाज को देकर इसमें संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना की।
अपने भाषण में प्रोफेसर दास ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना पर मुख्य रूप से अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रस्तावना में उल्लिखित “हम भारत के लोग” के नैतिक समुदाय की संकल्पना, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित है की विशद् विवेचना प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान का प्रस्तावना बहुत हद तक संवैधानिक समुदाय और एतिहासिक रुप से विखंडित भारतीय राष्ट्र के बीच के अंतर को स्पष्ट करता है। साथ ही लोकतंत्र चुनावी बहुमत से बहुत अधिक विस्तृत है, यह भी बताता है। विभिन्न आंतरिक प्रतिरोधों, जैसे कि किसानों के विरोधों, देश का विभाजन की त्रासदी, नागाओं एवं अन्य गुटों के प्रतिरोधों से ऊपर उठकर लोकप्रिय संप्रभुता, संवैधानिक प्राधिकार और राष्ट्रीय एकता -अखंडता और राष्ट्रीय परिचिती जैसे मुद्दों पर विचार करता है। और आज मेरे व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य भी यही है। संविधान का निर्माण ही इसके निर्माताओं ने एक बौद्धिक शैक्षणिक तंत्र के रुप में किया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक नैतिकता की स्थापना कर सके। हमारे संविधान निर्माताओं का मुख्य ध्येय “समावेशी लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता किस तरह अविरल सामाजिक परिवर्तन, आपसी सौहार्द और संवैधानिक सिद्धांतों के प्रतिबद्धता को सहेजता है और मजबूत करता है” था। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि संविधान सभा जिसने हमारे लिए संविधान का निर्माण किया, के एक प्रमुख सदस्य महाराजाधिराज सर कामेश्वर सिंह की स्मृति में आयोजित यह व्याख्यान देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और बिहार के सांस्कृतिक राजधानी दरभंगा में आकर असीम प्रसन्नता हुई है। 2020 में माननीय प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा तीन महत्वपूर्ण कृषि कानूनों को हटाने से उत्पन्न प्रतिरोध हमरा ध्यान संविधान सभा द्वारा प्रस्तुत संविधान की ओर बरबस खिंच लेता है। निश्चय ही सरकार को समय समय पर कानून बनाने और पहले के कानूनों में संशोधन करने का अधिकार और दायित्व दोनों है। तथ्य यह है कि यह संशोधन देश के हित में हो न कि चुनावी बहुमत के लिए किया जाए। मेरी अपनी धारणा है कि हमें चुनावी बहुमत से ऊपर उठकर लोकप्रिय सुधारों के लिए आगे आना चाहिए।
डॉ अम्बेडकर द्वारा घोषित “हम भारत के लोग” को विस्तृत आधार पर और संविधान की आत्मा के अधीन देखना होगा । जो संवैधानिक नैतिकता से प्रेरित हो जहां स्वतंत्रता समानता और बंधुत्व की भावना को पूर्ण समर्थन मिले । डॉ अम्बेडकर हम भारत के लोग को संवैधानिक समुदाय को नैतिक समुदाय मानते थे, जहां भारत में काफी आंतरिक प्रतिरोधों के बावजूद राष्ट्र को समर्थ बनाना महत्वपूर्ण लक्ष्य था। विभिन्न जातियों और सम्प्रदायों को साथ लेकर चलना हमारे लोकतंत्र का प्रमुख उद्देश्य हो, न कि चुनावी बहुमत। ऐतिहासिक रूप से भारत विभिन्न विरोधी हितों के समन्वय के बावजूद एक राष्ट्रीय परिचिती के लिए संगठित हो रहा है। डॉ अम्बेडकर ने यह भी स्वीकार किया कि भारत में रह रहे विभिन्न समुदायों और हितों को नैतिक समुदाय को स्थापित कर ही साधा जा सकता है। इसके लिए लोकतंत्र में उच्च नैतिकता आवश्यक है।
संविधान में राज्य के नीति निर्देशक तत्व की अवधारणा केवल उसके नैतिकता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए किया गया था। जिसके द्वारा “भारत के लोग” के मौलिक अधिकारों न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की रक्षा की जा सके। संविधान की सर्वोच्चता अक्षुण्ण रखा जाए ताकि लोगों के अधिकारों की रक्षा हो सके।
संविधान के प्रस्तावना में जिस “हम भारत के लोग” की चर्चा है वही भारत का नैतिक समुदाय है, जिसके ऊपर संविधान की सुरक्षा का भार है। यही नैतिक समुदाय राष्ट्र के समुचित विकास को प्रश्रय देगा। डॉ अम्बेडकर ने हिन्दू और मुसलमान को अलग अलग राष्ट्र के रूप में स्वीकार किया किन्तु उन्हें इसका विश्वास था कि नैतिक समुदाय के अधीन दोनों एक-दूसरे के साथ मिलकर भारत के विकास में सहायक होंगे।
भारत में अतीत में दोनों समुदायों के बीच जो भी राजनीतिक धार्मिक अंतर्विरोध रहा हो, संवैधानिक नैतिकता से दोनों समुदायों को अपनी अंतर्विरोधों को त्यागकर समुन्नत भारत के लिए आगे आने में सहूलियत होगी। व्यवहारिक रूप से इसके अलावा कोई दूसरा विकल्प भी नहीं है। नागा प्रतिरोध स्वतंत्रता के पूर्व से चला आ रहा है, इसपर डॉ अम्बेडकर ने स्वीकार किया कि नागाओं से अधिक सुगमता से मुस्लिम संविधान को स्वीकार करेंगे और संवैधानिक सिद्धांतों और मर्यादाओं को स्वीकार करेंगे बनिस्पत नागाओं के। नागाओं और दूसरे जनजातियों को नैतिक समुदाय बनाने और संवैधानिक सिद्धांतों और मर्यादाओं को स्वीकार करने में कठिनाईयां आयेंगी। चुनावी बहुमत को लोकतांत्रिक मूल्यों को स्थापित करने हेतु इन तमाम अंतर्विरोधों को हटाकर संवैधानिक नैतिकता स्थापित करनी होगी। पाकिस्तान की मुस्लिम लीग की मांग को नैतिकता के विपरित माना किन्तु व्यवहारिक रूप से आवश्यक माना।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रोफेसर लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने महाराजा कामेश्वर सिंह की स्मृति को याद किया और विश्वविद्यालय परिवार की ओर से अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हम पारम्परिक समाज से आते हैं जहां पितृसत्तात्मक सामाजिक व्यवस्था है, हमरा देश सांस्कृतिक रूप से काफी मजबूत है और यहां हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी हजारों वर्षों से एक साथ रह रहे हैं। हमरा समाज स्वतंत्रता से पूर्व और संविधान बनने के हजारों वर्षों पूर्व से धार्मिक स्वतंत्रता आर्थिक सामाजिक स्वतंत्रता से संचालित होता रहा है। हमारे इतिहास में सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक स्वतंत्रता के लिए कभी यूरोप की तरह खूनी क्रांति नहीं हुई। हम सामाजिक सौहार्द से स्वाभाविक रूप से संचालित होते आ रहे हैं। हां संविधान आज एक आवश्यक बौद्धिक तंत्र है, किन्तु हमारा समाज ज्ञान और आचार विचार से संतुलित रहा है। आज वाणिज्यिकरण और बाजार सम्पोषित समाज बनने से कठिनाईयां उभरी हैं। आज भी समाज को संतुलित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए हमारे पारम्परिक धार्मिक ज्ञान और परम्परा से देश को व्यवस्थित और संपूष्ट कर सकते हैं। आज हम अपने विरासत को न तो स्वीकार करते हैं और न उनकी सुरक्षा के लिए उद्योग कर रहे हैं। समाज को विखंडित कर समाज के विकास की बात करते हैं। पिता हमेशा बच्चों के समुचित विकास को माता से बढ़िया समझता है। हमरा वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना किसी संविधान से बेहतर है।
कल्याणी फाउंडेशन की ओर से डाक्टर जे० के० सिंह, न्यासी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सर्वप्रथम मुख्य वक्ता प्रोफेसर समीर कुमार दास को धन्यवाद दिया जो बाहर से आकर अपना बौद्धिक उद्बोधन दिया। महाराज कामेश्वर सिंह का भारत के विकास में योगदान का स्मरण करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। साथ ही डाक्टर अम्बेडकर के योगदानों की चर्चा करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित किया। फिर अंत में सभी आगत अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Related Articles

Back to top button