सरला बिरला पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में हेरिटेज बुक रांची माई सिटी का हुआ लोकार्पण
मेरा सारा तुझपे वारा, सरदार उधम सिंह की देशभक्ति यात्रा विषय पर वार्षिकोत्सव श्रद्धा का आयोजन
रांची : सरला बिरला पब्लिक स्कूल रांची ने मेरा सारा तुझपे वारा, सरदार उधम सिंह की देशभक्ति यात्रा…विषय पर वार्षिकोत्सव श्रद्धा बड़े उत्साह के साथ मनाया। उत्साह से भरे शानदार शाम की शुरुआत मुख्य अतिथि बाबूलाल मरांडी, झारखंड विधानसभा सदस्य (पूर्व मुख्यमंत्री), प्रोफेसर डा. सविता सेंगर, कुलपति, झारखंड राय युनिवर्सिटी तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत और उनके द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद हेरिटेज बुक रांची माई सिटी का लोकार्पण किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत आर्केस्ट्रा के साथ स्वागत गीत शुभ स्वागतम से की गई। दर्शकों ने नवोदित संगीतकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति की खूब सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नृत्य नाटिका थी जिसमें बलिदानी उधम सिंह की देशभक्तिपूर्ण वीरता को दर्शाया गया। स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए बलिदान को भी दर्शाया गया। जलियांवाला बाग नरसंहार और भगत सिंह जैसे महान नेताओं के बलिदान के साथ-साथ उधम सिंह का बदला कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा था। भांगड़ा की थाप, आर्केस्ट्रा की झंकार, छऊ, गतका, कलारीपयट्टू में कदमों का समन्वय, विभिन्न देशों के सांस्कृतिक नृत्य हवा में गूंज उठे। शीर्षक गीत मेरा सारा तुझपे वारा की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों, गुमनाम नायकों और भारत रत्न प्राप्तकर्ताओं की वेशभूषा धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि ने कहा कि भले ही आजादी की लड़ाई में हम सशरीर शामिल नहीं थे पर हम सब का आज यह दायित्व बनता है कि हम विकसित भारत बनाने का संकल्प करें। विद्यालय के कार्मिक एवं प्रशासनिक प्रमुख डा. प्रदीप वर्मा ने स्कूल के प्रयासों की सराहना की।
प्राचार्या परमजीत कौर ने विद्यालय के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं। कहा कि आज के युवाओं को उधम सिंह के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि बीस साल बाद उनका जीवन आने वाली पीढ़ी के लिए एक संदेश बन जाए।