किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : कनकई नदी पार सुदूर क्षेत्रों में पहुंचे डीएम, कटावरोधी कार्य तेज करने का निर्देश

किशनगंज, 15 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को दिघलबैंक प्रखंड की सिंघीमारी पंचायत के कनकई नदी पार स्थित सुदूरवर्ती क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने वार्ड संख्या 01 से 04, डाकूपाड़ा, पलसा एवं बैजनाथ पलसा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने नदी कटाव, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, पेयजल, पीडीएस सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।वार्ड संख्या 01, 03 एवं 04 में कनकई नदी से हो रहे कटाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग (एफसीडी) के अधिकारियों को प्रभावित स्थलों का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक कटावरोधी कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने आबादी, कृषि भूमि और सरकारी परिसंपत्तियों को कटाव से बचाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा।ग्रामीणों ने डाकूपाड़ा में आरडब्ल्यूडी सड़क की मरम्मत, बलुवाडांगी टोला में ग्रामीण सड़क, बैजनाथ पलसा स्कूल तक पहुंच पथ व कलवर्ट, इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में सड़क निर्माण तथा पलसा ताल टोला तक पहुंच पथ में मिट्टी भराई और कलवर्ट की मांग रखी। डीएम ने संबंधित विभागों को स्थल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया।विद्युत व्यवस्था की समस्या पर उन्होंने अभियंताओं को पूरे क्षेत्र का सर्वे कर सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीणों ने नदी पार के वार्डों में पीडीएस दुकान नहीं होने, बाढ़ के दौरान राशन की परेशानी, स्वास्थ्य सुविधा की कमी और पेयजल संकट से भी अवगत कराया।डीएम ने पलसा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में आरओ पेयजल व्यवस्था और कंप्यूटर लैब तथा पलसा ताल टोला में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय डाकूपाड़ा और उत्क्रमित मध्य विद्यालय पलसा का औचक निरीक्षण भी किया। डाकूपाड़ा स्कूल में बच्चों से पहाड़ा सुनकर उनकी सराहना की और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय में चहारदीवारी सहित अन्य सुविधाओं को लेकर भी निर्देश दिए।ग्रामीणों ने दुर्गीपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र में चिकित्सक की नियमित उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली और भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार वासगीत पर्चा देने की मांग रखी। डीएम ने सभी मामलों की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई और नियमित समीक्षा का निर्देश दिया।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button