District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

सहरसा : सदर अस्पताल में पत्रकार से मारपीट के मामले में पत्रकारों का शिष्टमंडल डीएम से मिला

नामजद आरोपितों पर कार्रवाई व अस्पताल के चिकित्सक व प्रबंधक की जांच की मांग

सहरसा, 15 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, सदर अस्पताल में पिछले 12 सितंबर को प्रभात खबर के डिजिटल रिपोर्टर अभिषेक कुमार के साथ खबर संकलन के दौरान हुई मारपीट व दुर्व्यवहार के मामले में मंगलवार को विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों का शिष्टमंडल जिलाधिकारी दीपेश कुमार से मिला। पत्रकारों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में न्यायोचित कार्रवाई की मांग की। शिष्टमंडल ने कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की बात भी कही।

ज्ञापन में कहा कि प्रभारी अधीक्षक डॉ एसके आजाद, अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी, चिकित्सक डॉ रौशन लाल, डॉ नीरज कुमार नीरव, डॉ नफीज सोहेल, कर्मी मो रफीक सहित 20-25 अज्ञात द्वारा पत्रकार को ऑपरेशन थियेटर स्थित कमरे में बंद कर मारपीट की गयी। पत्रकार ने गाली-गलौज एवं लूटपाट का भी आरोप लगाया है। घटना में घायल अभिषेक कुमार का इलाज कराया गया। पत्रकार संगठनों ने मांग की है कि नामजद आरोपितों के साथ अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाये।

इसके अलावा सदर अस्पताल में लंबे समय से पदस्थापित डॉ एसके आजाद को तत्काल हटाने, अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी के कार्यकाल में हुए वित्तीय क्रियाकलापों की जांच एवं उनकी नियुक्ति की जांच कराने की मांग की।

इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा गठित हाई लेवल कमेटी के अध्यक्ष सह डीडीसी गौरव कुमार, सदर एसडीओ श्रीयांश तिवारी एवं एसडीपीओ राजेश कुमार सिंह भी मौजूद थे।डीएम ने पीड़ित संवाददाता अभिषेक कुमार से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि दोनों पक्षों की ओर से प्रस्तुत किये गये पक्ष को राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग को भेजा जायेगा. जिससे नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ दीपांकर श्रीवास्तव ने घटना के समय स्टोर रूम के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि घटना के समय वहां सीसीटीवी लगा था। लेकिन बाद के फुटेज में कैमरा हटाया गया प्रतीत होता है। उन्होंने संबंधित वीडियो फुटेज जिलाधिकारी को दिखाते इसकी जानकारी हाई लेवल कमेटी के समक्ष भी रखी।

मौके पर दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ नवीन निशांत, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ कुंदन कुमार सिंह, हिन्दुस्तान के ब्यूरो चीफ नीरज कुमार सिंह, अनुभव कुमार सिंह अभिषेक सिंह व अन्य पत्रकार मौजूद थे। पत्रकारों ने कहा कि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो धरना, विरोध मार्च एवं प्रशासनिक खबरों के बहिष्कार सहित चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button