District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : डीएम नवीन कुमार का सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

किशनगंज, 08 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया।डीएम ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता तथा चिकित्सकीय व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों को मिलने वाले त्वरित उपचार और चिकित्सकीय व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुरुष, महिला एवं प्रसव वार्ड का दौरा कर भर्ती मरीजों से बातचीत की तथा उपचार, दवा और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

डीएम ने अस्पताल के दवा भंडार (स्टोर रूम) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक दवाइयों के स्टॉक, उनके वितरण और उपलब्धता की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अस्पताल परिसर, वार्डों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। साथ ही डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जांच के लिए हाजिरी रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनधिकृत अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, सभी कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button