किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

रिजवान आलम हत्याकांड: दोषियों को फांसी दिलाने की मांग, पूर्व विधायक ने एसडीपीओ-वन को सौंपा ज्ञापन

किशनगंज, 08 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिशनपुर थाना क्षेत्र के चर्चित रिजवान आलम हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशनगंज-1 खुशरु शिराज से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में दिवंगत रिजवान आलम के पिता, पुत्र, भाई, चाचा सहित अन्य परिजन शामिल थे। ज्ञापन में कहा गया कि 4 जुलाई 2026 की रात बिशनपुर हाई स्कूल के सामने टंगटंगी गांव निवासी रिजवान आलम की लोहे की रॉड से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश व्याप्त हो गया था।

ज्ञापन में किशनगंज पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा गया कि पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर महज 36 घंटे के भीतर मामले का सफल उद्भेदन कर मुख्य आरोपी डेजी प्रवीण एवं उसके कथित प्रेमी अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

परिजनों एवं प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बिशनपुर थाना कांड संख्या 34/2026 का स्पीडी ट्रायल कराया जाए तथा दोषियों को सख्त से सख्त, फांसी जैसी दंडात्मक सजा दिलाने के लिए प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि इस मामले में त्वरित और कठोर सजा मिलने से समाज में एक मजबूत संदेश जाएगा तथा भविष्य में इस प्रकार के जघन्य अपराधों पर अंकुश लगेगा।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीपीओ-वन खुशरु शिराज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अनुसंधान और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सभी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button