किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बहादुरगंज में 2.15 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, घर में चल रहा था अवैध कारोबार

किशनगंज, 08 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहादुरगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.150 किलोग्राम गांजा के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक महिला और एक युवती भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर बहादुरगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कटहलबाड़ी गांव निवासी अरबिन्द कुमार अपने घर से गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने अरबिन्द कुमार के घर पर विधिवत छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान कुल 2.150 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कटहलबाड़ी निवासी 20 वर्षीय अरबिन्द कुमार और 60 वर्षीय मालती देवी, दहगांव निवासी 55 वर्षीय भोबिन्दर हरिजन तथा भटाबाड़ी निवासी 19 वर्षीय संजना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपितों को बरामद गांजा के साथ न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा गया।

इस संबंध में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 428/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 (बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। साथ ही बरामद गांजा के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार भारती, अपर पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार तथा बहादुरगंज थाना के सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल रहे।

किशनगंज पुलिस ने कहा है कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दें।सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button